माताओं के लिए बड़ी घोषणा! अब पीएम मातृ वंदना योजना में रजिस्ट्रेशन का समय बढ़ाया गया

पीएम मातृ वंदना योजना पंजीकरण अभियान: महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना (PMMVY) के लिए चल रहे विशेष पंजीकरण अभियान की अवधि बढ़ाकर अब 15 अगस्त 2025 तक कर दी है। इस अभियान का मकसद है कि ज्यादा से ज्यादा गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं इस योजना से जुड़ें और उन्हें समय पर लाभ मिल सके।

यह अभियान आंगनवाड़ी और आशा कार्यकर्ताओं की मदद से घर-घर जाकर चलाया जा रहा है ताकि सभी पात्र महिलाएं तक योजना की जानकारी पहुंच सके और उनका रजिस्ट्रेशन समय पर हो सके।

पीएम मातृ वंदना योजना पंजीकरण अभियान

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना का मुख्य उद्देश्य गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। साथ ही, यह योजना महिलाओं को पहले बच्चे के जन्म से पहले और बाद में आराम करने के लिए नकद सहायता भी देती है।

यह योजना बालिकाओं के प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा देने के लिए भी एक अहम कदम मानी जाती है।

PMMVY के तहत पहली संतान पर महिलाओं को दो किस्तों में ₹5,000 और अगर दूसरी संतान बेटी होती है, तो एक बार में ₹6,000 की राशि दी जाती है। यह सहायता सीधे लाभार्थी के बैंक या डाकघर खाते में ट्रांसफर की जाती है।

Also Read:  राजस्थान मौसम अलर्ट: बीकानेर-शेखावाटी में भारी बारिश

अब तक इस योजना के अंतर्गत 4.05 करोड़ से अधिक महिलाओं को करीब ₹19,028 करोड़ की सहायता दी जा चुकी है।

कैसे होता है पैसा ट्रांसफर?

इस योजना के तहत लाभ सीधे DBT (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिए महिलाओं के आधार-लिंक्ड खातों में भेजा जाता है। इसके लिए खास सॉफ्टवेयर बनाया गया है, जो आधार ऑथेंटिकेशन और NPCI वेरिफिकेशन के साथ पूरी प्रक्रिया को आसान बनाता है।

योजना के पोर्टल में शिकायत मॉड्यूल, टोल-फ्री हेल्पलाइन (14408), बहुभाषी सपोर्ट और फेस ऑथेंटिकेशन जैसे फीचर्स भी जोड़े गए हैं।

अगर आपके आस-पास कोई गर्भवती महिला या नई मां है, तो उन्हें 15 अगस्त 2025 से पहले योजना में रजिस्ट्रेशन करवाने के लिए प्रेरित करें। यह एक शानदार सरकारी योजना है जो मातृत्व के समय महिलाओं को जरूरी आर्थिक और स्वास्थ्य से जुड़ा सपोर्ट देती है।