उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री श्री अविनाश गहलोत ने विभाग द्वारा संचालित उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं के तहत शैक्षणिक सत्र 2022-23 से 2024-25 तक लंबित आवेदनों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट कहा कि किसी भी पात्र विद्यार्थी को छात्रवृत्ति मिलने में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
मंत्री ने कहा कि जिन विद्यार्थियों के आवेदन आक्षेप पूर्ति के अभाव में लंबित हैं, उनमें पाई गई कमियों और आपत्तियों को तत्काल पूरा करवाकर संबंधित जिला कार्यालयों को अग्रेषित किया जाए। इससे पात्र विद्यार्थियों को नियमानुसार समय पर छात्रवृत्ति का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि विभाग ने शिक्षण संस्थानों को निर्देशित किया है कि वे छात्रवृत्ति आवेदनों की नियमानुसार जांच करने के बाद ही उन्हें आगे भेजें। अनियमित या फर्जी आवेदन अग्रेषित करने वाले संस्थानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी और ऐसे संस्थानों को छात्रवृत्ति पोर्टल पर ब्लैकलिस्ट किया जाएगा।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने विद्यार्थियों और शिक्षण संस्थानों से अपील की है कि वे केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी अद्यतन दिशा-निर्देशों की जानकारी समय-समय पर देखते रहें, ताकि आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। इसके लिए छात्रवृत्ति पोर्टल और विभागीय वेबसाइट पर नियमित रूप से जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।
महत्वपूर्ण वेबसाइट:
- छात्रवृत्ति पोर्टल: www.sjmsnew.rajasthan.gov.in/scholarship
- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग: sje.rajasthan.gov.in
