सौर ऊर्जा प्लांट के लिए काटे जा रहे पेड़, आंदोलन की चेतावनी
सरदारशहर | सरदारशहर क्षेत्र की नैणासर–सुमेरिया ग्राम पंचायत की रोही में हरी खेजड़ी के पेड़ों की कटाई का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि एक खेत में प्रस्तावित सौर ऊर्जा प्लांट स्थापित करने के लिए खेजड़ी के पेड़ों को काटा जा रहा है।
पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर बुधवार दोपहर ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे और तुरंत प्रशासन को अवगत कराया। बताया गया कि संबंधित खेत सौर ऊर्जा प्लांट के लिए लीज पर दिया गया है, जहां हरे पेड़ों की कटाई की जा रही थी।
पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने जताया विरोध
ग्राम पंचायत की सरपंच चमकौरी देवी ने कहा कि पंचायत क्षेत्र में किसी भी हरे पेड़ की कटाई की अनुमति नहीं दी गई है। मौके पर मौजूद मुकेश सिद्ध, श्रीचंद साई, मोहननाथ सारण, महेंद्र सिद्ध, दीपनाथ सिद्ध, चेतराम नायक सहित अन्य ग्रामीणों ने पेड़ों की कटाई का विरोध किया।
ग्रामीणों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में दोबारा हरे पेड़ों की कटाई की गई, तो वे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
प्रशासन को दी गई सूचना, जांच के निर्देश
इस मामले में सरदारशहर एसडीएम रामकुमार वर्मा ने बताया कि उन्हें ग्रामीणों की ओर से सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने संबंधित तहसीलदार और हल्का पटवारी को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं।
हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि सूचना देने पर पटवारी ने यह कहते हुए मौके पर आने में असमर्थता जताई कि वह ड्यूटी पर नहीं हैं और बाहर हैं। इस पर एसडीएम ने अपील की है कि कोई भी व्यक्ति बिना अनुमति हरे पेड़ों की कटाई न करे।
पर्यावरण संरक्षण की मांग
ग्रामीणों का कहना है कि खेजड़ी जैसे संरक्षित और उपयोगी पेड़ों की कटाई से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।
