राजस्थान में किसानों को मुफ्त मक्का और बाजरा बीज मिनीकिट वितरण योजना

बाजरा बीज मिनीकिट वितरण योजना: राजस्थान सरकार किसानों को बेहतर बीज उपलब्ध कराने के लिए लगातार योजनाएं चला रही है। कृषि मंत्री ने विधानसभा में जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में किसानों को मक्का और बाजरा फसल के लिए बड़ी संख्या में बीज मिनीकिट वितरित किए गए हैं। वर्ष 2025-26 में जनजाति क्षेत्रों के किसानों को बड़ी मात्रा में मक्का बीज मिनीकिट मुफ्त दिए गए हैं, जबकि आगामी वर्ष 2026-27 के लिए भी नई योजना तैयार की गई है।

बीज मिनीकिट वितरण योजना 2026

कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2025-26 में डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, पाली, सिरोही और बारां जिलों के जनजाति कृषकों को 8 लाख 26 हजार 219 मक्का बीज मिनीकिट वितरित किए गए। वहीं इन जिलों के गैर जनजाति किसानों को 2 लाख 26 हजार 643 मक्का बीज मिनीकिट दिए गए। इस प्रकार इन क्षेत्रों के किसानों को कुल 10 लाख 52 हजार 862 मक्का बीज मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए गए।

इसके अलावा मक्का बुवाई वाले अन्य जिलों अजमेर, ब्यावर, बूंदी, भीलवाड़ा और झालावाड़ के किसानों को भी 96 हजार 882 निःशुल्क मक्का बीज मिनीकिट उपलब्ध कराए गए हैं।

5 करोड़ रुपये से मिलेगा मुफ्त मक्का बीज

  • कृषि मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए अनुसूचित जनजाति और सहरिया क्षेत्र वाले जिलों में किसानों को मुफ्त बीज उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है।
  • इसके तहत डूंगरपुर, उदयपुर, बांसवाड़ा, सलूम्बर, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, प्रतापगढ़, पाली, सिरोही और बारां जिलों के अनुसूचित क्षेत्र में आने वाले 8 लाख 50 हजार जनजाति किसानों को लगभग 85 करोड़ रुपये की लागत से निःशुल्क संकर मक्का बीज मिनीकिट दिए जाएंगे।
  • इसके तहत बारां, झालावाड़, बांसवाड़ा, डूंगरपुर, सलूम्बर, उदयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ और राजसमंद जिलों में 500 क्विंटल प्रमाणित मक्का बीज अनुदानित दर पर वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही लगभग 4500 हेक्टेयर क्षेत्र में मक्का फसल के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए किसानों को निःशुल्क बीज भी उपलब्ध कराया जाएगा।

किसानों को मिलेगा मुफ्त और अनुदानित बीज

कृषि मंत्री ने सदन को आश्वस्त किया कि वर्ष 2026-27 में भी राज्य के किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत मक्का और बाजरा फसल के बीज मुफ्त और अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे किसानों को बेहतर गुणवत्ता के बीज मिलेंगे और राज्य में फसल उत्पादन बढ़ाने में मदद मिलेगी।
कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य के 28 बाजरा उत्पादक जिलों के किसानों को 7 लाख 99 हजार 900 बाजरा बीज मिनीकिट वितरित किए गए हैं। इसके अलावा वर्ष 2026-27 में बाजरा उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन के तहत 12 हजार क्विंटल प्रमाणित बाजरा बीज अनुदानित दर पर वितरित करने की योजना बनाई गई है। इसके साथ ही 24 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में बाजरा फसल के प्रदर्शन आयोजित किए जाएंगे, जिनके लिए किसानों को मुफ्त बीज उपलब्ध कराया जाएगा।