बुकनसर जीएसएस से जुड़े 625 कृषि कनेक्शन प्रभावित, मोटर जलने से बढ़ी परेशानी
सरदारशहर | क्षेत्र में लंबे समय से बनी कम वोल्टेज की समस्या को लेकर किसानों का आक्रोश सामने आया है। बुकनसर बिजली जीएसएस के अंतर्गत आने वाले गाजूसर गांव के किसानों ने सरदारशहर स्थित सहायक अभियंता कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। किसानों ने करीब एक घंटे तक कार्यालय का गेट बंद कर धरना दिया और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की।
किसान नेता रुपाराम गोदारा ने बताया कि बुकनसर जीएसएस के अंतर्गत कुल 6 बिजली फीडर संचालित हैं, जिनसे लगभग 625 कृषि कनेक्शन जुड़े हुए हैं। इन सभी फीडरों पर लंबे समय से कम वोल्टेज की समस्या बनी हुई है, जिससे खेती कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
मोटर चलाने लायक नहीं मिल रहा वोल्टेज
किसानों के अनुसार कृषि मोटर को सुचारू रूप से चलाने के लिए करीब 425 वोल्टेज की आवश्यकता होती है, जबकि वर्तमान में केवल 250 से 315 वोल्टेज तक ही आपूर्ति हो रही है। कम वोल्टेज के कारण मोटरें बार-बार जल रही हैं, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
शिकायतों के बाद भी नहीं मिला समाधान
प्रदर्शन कर रहे किसानों का आरोप है कि वे कई बार बिजली विभाग को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। इसी कारण मजबूर होकर उन्हें धरना-प्रदर्शन का रास्ता अपनाना पड़ा।
विभाग ने दिया समाधान का आश्वासन
इस मामले में सहायक अभियंता राजेश कुमार मीणा ने कहा कि किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लिया गया है और उनके समाधान के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। धरने के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
बड़ी संख्या में किसान रहे मौजूद
प्रदर्शन में रुपाराम गोदारा, रामचंद्र गोदारा, विकास भाम्भू, वीरेंद्र सिंह, संजू भाम्भू, राकेश, रामलाल, देवकरण सिंह, सुरजाराम, दिलीप तिवारी, रामकुमार सारण, ओमप्रकाश गोदारा, राकेश भाम्भू और रामकिशन सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
